सदर बाज़ार के बीच ३ किमी लंबी डाउन लाइन पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ ट्रायल रन, लोगों में मेट्रो देख उमंग की लहर


आगरा। आगरा मेट्रो के द्वितीय कॉरिडोर (आगरा कैंट से कालिंदी विहार) के एक भाग पर यूपीएमआरसी ने डिपो से सदर बाज़ार मेट्रो स्टेशन तक ट्रेन का सफलतापूर्वक ट्रायल रन करके एक नई उपलब्धि हासिल की है।

यूपी मेट्रो ने फूल सैय्यद चौराहा स्थित आगरा मेट्रो डिपो और सदर बाज़ार मेट्रो स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर आगरा मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस ट्रायल रन के दौरान आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक श्री अरविंद राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

डाउन इन पर ट्रायल रन के बाद, अप लाइन पर ट्रैक बिछाने का काम भी अंतिम चरण में है। विदित हो कि बीते सप्ताह थर्ड रेल कार्य (मेट्रो के संचालन हेतु ऊर्जा स्रोत) भी सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया था, जिससे यह ट्रायल रन समय पर किया जा सके।

जल्द ही शेष लाइन एवं अप लाइन में ट्रैक, ट्रेक्शन एवं सिग्नलिंग आदि का काम पूरा कर ट्रायल रन किया जाएगा। 

ट्रायल रन क्या होता है?

किसी ट्रैक या खंड पर पहली बार ट्रेन के चलने को ट्रायल रन कहते हैं। ट्रायल रन यह सुनिश्चित करने के लिए किया जाता है कि मेट्रो प्रणाली और नवनिर्मित खंड यात्रियों के लिए पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

बता दें कि द्वितीय कॉरिडोर में डिपो एंट्री से सदर जाने वाली डाउन लाइन में मेट्रो ट्रेन को ले जाया गया। इस दौरान मेट्रो ट्रेन ३ किमी लंबी मॉल रोड से गुजरी। इसके बाद ट्रेन को वापस डिपो में लाया गया।

इस अवसर पर यूपीएमआरसी एमडी श्री सुशील कुमार जी ने अपना हर्ष व्यक्त करते हुए कहा ,” मैं समस्त आगरा टीम एवं कांट्रेक्टर स्टाफ को बधाई देता हूँ कि आज यह उपलब्धि मिली। डिपो से सदर बाज़ार तक सफलतापूर्वक ट्रायल रन के अवसर पर मैं यूपीएमआरसी के आगरा वासियों हेतु विश्व स्तरीय मेट्रो प्रणाली प्रदान करने के संकल्प को पुनः दोहराना चाहूँगा। आने वाले समय में आगरा मेट्रो आगरा शहर के लिए सबसे तेज, सुरक्षित एवं सुगम यातायात साबित होगी ।”

गौरतलब है कि द्वितीय कॉरिडोर पर *प्रायोरिटी स्ट्रेच आगरा कैंट से आगरा कॉलेज* तक चिह्नित किया गया है। द्वितीय कॉरिडोर के स्टेशनों का निर्माण कार्य भी तेज गति के साथ किया जा रहा है । शेष खंड (एमजी रोड - कालिंदी विहार) के सेक्शन पर भी सिविल कार्य तेजी से चल रहा है ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके।