आगरा। ताजमहल में एक अप्रत्याशित घटना देखने को मिली, जब स्मारक के पूर्वी गेट के पास वाले प्रांगण में, CISF सुरक्षाकर्मियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक शौचालय के अंदर लगभग पाँच फुट लंबा 'इंडियन रॉक पायथन' (अजगर) देखा गया। इस घटना की सूचना मिलते ही 'वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट' तुरंत हरकत में आ गई। उनकी दो सदस्यीय टीम ने सफलतापूर्वक इस अजगर को सुरक्षित पकड़ा, जिससे सांप और वहाँ मौजूद पर्यटकों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।
अजगर को सबसे पहले CISF के जवानों ने देखा, जिन्होंने तुरंत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के अधिकारियों को सूचित किया। प्रशिक्षित मदद की ज़रूरत को समझते हुए, अधिकारियों ने वाइल्डलाइफ़ एसओएस की इमरजेंसी रेस्क्यू हेल्पलाइन (+91 9917109666) पर संपर्क किया और तुरंत मदद करने का अनुरोध किया।
बचाव अभियान के दौरान एक अतिरिक्त चुनौती यह थी कि विश्व धरोहर स्थल होने के कारण, त्योहारों के इस मौसम में यहाँ पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही थीl
अलर्ट मिलते ही, वाइल्डलाइफ एसओएस की दो सदस्यीय रैपिड रिस्पॉन्स टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई। पर्यटकों और अन्य लोगों को सुरक्षित दूरी पर करने के बाद, टीम ने बड़ी सावधानी से मुसीबत में फंसे अजगर को बाहर निकाला। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि अजगर को कोई चोट न लगे और उसे कोई परेशानी न हो। इसके बाद, कुछ घंटों तक अजगर को निगरानी में रखने के पश्च्यात उसे अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
वाइल्डलाइफ एसओएस के कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के डायरेक्टर और हर्पेटोलॉजिस्ट (सरीसृप विशेषज्ञ) बैजू राज एम.वी. ने कहा*, "इंडियन रॉक पायथन (अजगर) बिना ज़हर वाली सांप की प्रजाति हैं, जो पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। अपने बड़े आकार के बावजूद, ये आम तौर पर शर्मीले होते हैं और इंसानों से दूर रहना ही पसंद करते हैं। अगर ये अनजाने में इंसानी इलाकों में आ जाएं, तो लोगों को घबराना नहीं चाहिए, उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और खुद उन्हें पकड़ने या उनके करीब जाने की कोशिश करने के बजाय, प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचित करना चाहिए। लोगों और साँपों, दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय रहते सही कदम उठाना और बचाव के उचित तरीकों का इस्तेमाल करना बहुत ज़रूरी है।"
इंडियन रॉक पायथन (पायथन मोल्यूरस) भारतीय उपमहाद्वीप में पाई जाने वाली सबसे बड़ी साँप प्रजातियों में से एक है। आई.यू.सी.एन रेड लिस्ट में निकट संकटग्रस्त (नियर थ्रेटन्ड) के रूप में सूचीबद्ध और वन्य जीवों एवं वनस्पतियों की अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन (CITES) के परिशिष्ट I में शामिल यह प्रजाति भारत के वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची I के अंतर्गत उच्चतम स्तर का कानूनी संरक्षण भी प्राप्त करती है।
