आगरा। लघु उद्योग भारती, आगरा द्वारा होटल क्लार्क्स शिराज में आयोजित विश्वकर्मा जयंती एवं कौशल सम्मान समारोह–2026 में उद्योग, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 7 से अधिक उद्यमियों को ‘उत्कृष्टता सम्मान’ तथा 46 से अधिक श्रमवीरों को ‘कौशल सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में आगरा की औद्योगिक संभावनाओं, स्थानीय उद्योगों के विस्तार, रोजगार सृजन और एमएसएमई क्षेत्र की राष्ट्रीय एवं वैश्विक भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में शहर के प्रमुख उद्यमियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
समारोह में मुख्य अतिथि श्री नागेन्द्र प्रताप जी (IAS), मंडलायुक्त, आगरा मंडल, कार्यक्रम अध्यक्ष श्री राकेश गर्ग जी, अध्यक्ष उ. प्र. लघु उद्योग निगम लि. उत्तर प्रदेश सरकार तथा विशिष्ट अतिथि श्री शैलेन्द्र सिंह जी, उपायुक्त उद्योग, आगरा उपस्थित रहे। साथ ही श्री दीपक अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव एवं श्री मनीष अग्रवाल, प्रदेश सचिव, सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्यजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने आगरा की औद्योगिक संभावनाओं को विस्तार देने का किया आह्वान
लघु उद्योग भारती, आगरा के जिलाध्यक्ष श्री विजय गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा जी की परंपरा सृजन, कौशल और परिश्रम का संदेश देती है। किसी भी उद्योग की सफलता में उद्यमी की दूरदृष्टि और श्रमिक के हुनर एवं मेहनत की समान भूमिका होती है तथा श्रमवीरों का सम्मान हमारी औद्योगिक संस्कृति का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि आगरा के फुटवियर, फाउंड्री, इंजीनियरिंग, मार्बल एवं स्टोन क्राफ्ट, कालीन, जरदोजी, ब्रश उद्योग और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएँ हैं। आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता, ब्रांडिंग और निर्यात के नए अवसरों से जोड़कर इन उद्योगों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार भी बढ़ेगा। जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि एमएसएमई भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। लघु उद्योग भारती उद्यमियों को संगठित कर उनकी समस्याओं के समाधान एवं विकास के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बेहतर आधारभूत सुविधाओं, तकनीकी सहयोग और प्रशासनिक समन्वय से आगरा की औद्योगिक क्षमता को नई दिशा और गति दी जा सकती है।
राकेश गर्ग ने एमएसएमई को बताया देश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार
कार्यक्रम अध्यक्ष राकेश गर्ग, अध्यक्ष उ. प्र. लघु उद्योग निगम लि. उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने संबोधन में कहा कि एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन, उत्पादन, नवाचार और निर्यात को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भारतीय लघु उद्योगों में वैश्विक बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने की अपार क्षमता है। इसके लिए तकनीकी उन्नयन, गुणवत्ता, आधुनिक विपणन और उद्यमियों के बीच सहयोग आवश्यक है।
मुख्य अतिथि मंडलायुक्त नागेन्द्र प्रताप ने अपने उद्बोधन में कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशन में शासन की मंशा के अनुरूप आगरा के औद्योगिक एवं समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शासन की प्राथमिकता है कि विकास की संभावनाओं को धरातल पर उतारते हुए उद्यमियों को प्रोत्साहन मिले, औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
उन्होंने कहा कि आगरा अपनी ऐतिहासिक पहचान के साथ-साथ समृद्ध व्यापारिक परंपरा, कुशल कारीगरों और विविध औद्योगिक गतिविधयों के लिए भी महत्वपूर्ण है। शहर की इन क्षमताओं का बेहतर उपयोग करते हुए आगरा को औद्योगिक एवं व्यावसायिक विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने की व्यापक संभावनाएँ हैं। इसके लिए शासन, प्रशासन और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय एवं निरंतर संवाद आवश्यक है।
मंडलायुक्त ने कहा कि उद्यमियों के सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि आगरा की आर्थिक गतिविधियों को गति मिले और शहर की प्रगति में उद्योग जगत की भागीदारी और मजबूत हो।
कार्यक्रम का संचालन दिनेश गुप्ता, उपाध्यक्ष द्वारा किया गया। समारोह में राजीव बंसल, महासचिव; कोषाध्यक्ष संजीव जैन; कार्यक्रम संयोजक अरविन्द शुक्ला, नितेश गुप्ता, सीए आलोक अग्रवाल , सौरभ गुप्ता, समक्ष जैन, शिविर जैन, शैलेष अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, ऋषि नंदा सहित अनेक पदाधिकारी एवं शहर के प्रमुख उद्यमी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में उद्यमियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों की सहभागिता ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। तत्पश्चात स्नेह भोज आयोजित किया गया।
