ताजनगरी में बिखरेगी साहित्य की खुशबू, दस दिवसीय पुस्तक मेले का होने जा रहा आयोजन


आगरा। प्रोग्रेसिव एसोसिएशन ऑफ पेरेंट्स अवेयरनेस (पापा संस्था) और फोर्सवन बुक्स के संयुक्त तत्वावधान में डिजिटल युग में पुस्तकों के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करने और नई पीढ़ी को साहित्य, कला एवं संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से आगरा कॉलेज परिसर में दस दिवसीय आगरा पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा। वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजन समिति ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन कर विस्तृत जानकारी दी।  

राष्ट्रीय संयोजक दीपक सिंह सरीन ने बताया कि 4 से 13 दिसंबर 2026 तक लगने वाले पुस्तक मेले में देश के विभिन्न शहरों से प्रकाशक, पुस्तक विक्रेता, साहित्यकार, कलाकार, शिक्षाविद और सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाएं भाग लेंगी। मेले में साहित्य, इतिहास, धर्म, दर्शन, अध्यात्म, विज्ञान, बाल साहित्य, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा विभिन्न विषयों की पुस्तकें उपलब्ध होंगी. पाठकों को अलग-अलग प्रकाशकों की पुस्तकों को एक ही स्थान पर देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा । पुस्तक मेले का उद्देश्य ज्ञान के प्रकाश को जन-जन तक पहुंचाना और विशेष रूप से युवाओं तथा बच्चों को पुस्तक संस्कृति से जोड़ना है । 

फोर्सवन बुक्स संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि आगरा पुस्तक मेले को केवल पुस्तकों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा गया है. दस दिनों तक प्रतिदिन तीन सत्रों में लगभग 30 साहित्यिक, शैक्षिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं । प्रतिदिन विद्यालयों के बच्चों की प्रतिभाओं, साहित्यिक परिचर्चा, पुस्तक विमोचन, कहानी, व्यंग्य पाठ, गोष्ठियां, लेखक संवाद तथा विभिन्न बौद्धिक गतिविधियां आयोजित होंगी। 

अप्सा के सचिव गिरधर शर्मा ने कहा कि किसी शहर की पहचान केवल उसकी ऐतिहासिक धरोहरों से नहीं, बल्कि वहां की जीवंत साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपराओं से भी बनती है। मुख्य आकर्षण के रूप में युवा संवाद कार्यक्रम में बाल लेखक साहित्य की पुस्तकों के साथ उपस्थित होकर लेखन के अनुभव साझा करेंगे । पुस्तक मेला प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुला रहेगा और प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क होगा । इस अवसर पर डॉ. विनोद माहेश्वरी, सुरभि कपूर, बंटी ग्रोवर, विभोर कुमार, विकास कक्कड़, राजेंद्र खन्ना, रूचि वर्मा आदि मौजूद रहे।