आगरा : कैसे करें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, विद्यार्थियों ने जाने सफलता के मंत्र

 


आगरा: डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी हिंदी तथा भाषा विज्ञान विद्यापीठ  के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से मंगलवार को विद्यार्थियों को आईएएस, पीसीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित दिशा एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो आशु रानी जी के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं क्राइस्टु जयन्ती विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस पवन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, अध्ययन-पद्धति, परीक्षा की प्रकृति, समय-प्रबंधन तथा करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित एवं योजनाबद्ध अध्ययन करने तथा समसामयिक घटनाक्रमों पर निरंतर दृष्टि बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

अपने संबोधन में पवन कुमार सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए केवल अधिक अध्ययन करना पर्याप्त नहीं है। सही दिशा, प्रभावी रणनीति, निरंतर अभ्यास, समय का सदुपयोग और आत्मविश्वास भी आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए परीक्षा की तैयारी से जुड़े व्यावहारिक सुझाव दिए। साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में दृष्टि IAS द्वारा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जाने वाले सहयोग एवं मार्गदर्शन के बारे में भी जानकारी दी।

संस्थान के निदेशक प्रोफेसर प्रदीप श्रीधर ने कहा कि प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर सुनियोजित ढंग से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन सत्र विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही दिशा देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञ से परीक्षा, अध्ययन-रणनीति एवं करियर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. वर्षा रानी ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति जागरूक करते हुए मार्गदर्शन सत्र के उद्देश्य एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला तथा अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन पत्रकारिता विभाग से डॉ.संदीप शर्मा ने किया।डॉ. केशव शर्मा, डॉ. अमित कुमार सिंह,डॉ. मोहिनी दयाल, डॉ. रमा, कंचन, प्रीति, उपेन्द्र पचौरी एवं विशाल शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आईएएस, पीसीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।