विदेशी पर्यटकों ने गणेश पंडाल में की पूजा-अर्चना, भारतीय संस्कृति से हुए रूबरू

 


आगरा। इस बार गणेश पंडालों में गणेश महोत्सव के दौरान विदेशी पर्यटक भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। विदेशी पर्यटकों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी और गणेश महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साह के साथ सहभागिता की।

भारतीय परंपरा के अनुसार विदेशी पर्यटकों को पूजा-अर्चना करते देखकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह नजर आया। कॉलोनीवासियों ने विदेशी मेहमानों का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा उनका सम्मान किया।

इस दौरान गणेश पंडाल में भक्तिमय वातावरण बना रहा। विदेशी पर्यटकों ने गणेश उत्सव की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से देखा और पूजा में भाग लेकर भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित की। उनका भारतीय परंपराओं के अनुरूप पूजा-अर्चना में शामिल होना स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

कॉलोनीवासियों ने कहा कि विदेशी मेहमानों का भारतीय संस्कृति और धार्मिक आयोजन में उत्साह के साथ शामिल होना सभी के लिए विशेष अनुभव रहा। इससे भारतीय संस्कृति की विविधता और उसकी व्यापक स्वीकार्यता का भी सुंदर संदेश देखने को मिला।

कार्यक्रम स्थल पर वत्सला प्रभाकर, ध्रुव गुप्ता, मनोज गुप्ता, निखिल गुप्ता, ऋषभ बंसल, कनव मित्तल, अधिकांश अग्रवाल, मुदित अग्रवाल, शांतनु जैन, मनोज पाराशर, सचिन, मनोज तोमर आदि उपस्थित रहे।