महाकवि चंद्रवरदाई और कवि श्रद्धा राम फिल्लौरी को समर्पित रहा भारतीय कविता दिवस



आगरा | आगरा के आरबीएस कॉलेज हिंदी विभाग एवं नगर की सर्वाधिक गतिमान संस्था साहित्य संगीत संगम के संयुक्त तत्वावधान में द्वितीय भारतीय कविता दिवस का आयोजन आर बी एस कॉलेज के हिंदी विभाग सभागार में किया गया।

आयोजन का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉक्टर शशी गोयल, अध्यक्ष डॉ राजेंद्र मिलन ,मुख्य वक्ता प्रोफेसर वीना शर्मा अध्यक्ष हिंदी विभाग प्रो युवराज सिंह एवं सुशील सरित ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं प्रो आन्शवना सक्सेना ने सरस्वती वंदना कर किया। 

अतिथियों का स्वागत सुधीर शर्मा ,डॉक्टर रमेश आनंद ,चंद्रशेखर शर्मा एवं डॉक्टर असीम आनंद ने किया। 

कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए हरीश भदोरिया ने कहा कि पूरे विश्व के देशों में कविता दिवस मनाया जाता है परंतु हमारे देश में भारतीय कविता दिवस नहीं मनाया जाता यह परिकल्पना पिछले वर्ष संस्था द्वारा शुरू की ग‌ई थी और हमारा लक्ष्य है कि पूरे देश में इस आयोजन को आयोजित किया जाए। 

मुख्य वक्ता प्रोफेसर वीना शर्मा पूर्व निदेशक केंद्रीय हिंदी संस्थान आगरा ने कहा की प्रथम महाकवि चंद्रवरदाई और उनके प्रथम महाकाव्य पृथ्वीराज रासो एक राजा और एक साहित्यकार की मित्रता का अनुपम उदाहरण है। उनके प्रसिद्ध दोहे की अर्धाली *मत चूको चौहान* हम सबको राह दिखाती है कि जब मौका हो तब हमें कभी भी चूकना नहीं चाहिए। संचालन करते हुए प्रो युवराज सिंह ने कहा की जो रचना के साथ-साथ राष्ट्र प्रेम और मित्रता का अर्थ समझ सके वही सच्चा रचनाकार है और इस कसौटी पर यह दोनों खरे उतरते हैं।

 डॉक्टर शशी गोयल ने कहा की जो समाज के लिए लिखता है वह महान है और फिलौरी जी ने जो आरती लिखी वह प्रत्येक मंदिर में उत्तर से दक्षिण तक बजाई जाती है और बच्चों से युवा तक वह संस्कार देने में सक्षम है।

आगरा कॉलेज आगरा की संगीत विभाग की प्रो आन्शवना सक्सेना ने इस मौके पर हिंदी कविता की विरासत से विद्यार्थियों को परिचित कराते हुए भारतेंदु हरिश्चंद्र,रामधारी सिंह दिनकर और सुशील सरित ने माननीय अटल बिहारी वाजपेई जी की कविताओं का सस्वर पाठ किया। 

अध्यक्ष डॉ मिलन ने इस मौके पर महाप्राण निराला का स्मरण अपनी कविता के माध्यम से किया। धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर रिसर्च स्कॉलर नेहा बागड़ी ,अर्जुन सिंह साहित्यकार विजया तिवारी एवं संस्कृति कर्मी जगमोहन गुप्ता जी की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।