आगरा में आधी रात बड़ा हादसा! आगरा में खेरिया मोड हाइट गेज से टकराई सवारियों से भरी बस, मची चीख-पुकार

आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र अंतर्गत खेरिया मोड़ पुलिस चौकी के पास सराय ख़्वाजा ओवरब्रिज पर मंगलवार आधी रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सवारियों से भरी एक डेली सर्विस प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज पर लगे हाइट गेज और डेस्टिनेशन बोर्ड से जा टकराई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और लोहे का विशाल हाइट गेज व बोर्ड उखड़कर नीचे आ गिरे।

स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने बताया कि सराय ख़्वाजा ओवरब्रिज पर रेलवे द्वारा भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए प्रतिबंध का बोर्ड और हाइट गेज लगाया गया था। इस नए हाइट गेज को हादसे से महज 24 घंटे पहले ही स्थापित किया गया था। रात करीब 12 बजे जब तेज रफ्तार बस ओवरब्रिज पर चढ़ी, तो चालक को नए लगे हाइट गेज का अंदाजा नहीं लग पाया। कयास लगाए जा रहे हैं कि रात के समय नींद की झपकी आने और अंधेरे में नया बोर्ड समय पर दिखाई न देने के कारण यह हादसा हुआ।

जोरदार टक्कर के बाद हाइट गेज सीधे बस के आगे आ गिरा, जिससे बस में बैठी सवारियां अंदर ही फंस गईं। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में दहशत फैल गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ी जनहानि टल गई।

घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर खेरिया मोड़ पुलिस चौकी स्थित होने के कारण हादसे की तेज आवाज सुनते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया। शाहगंज थाना पुलिस और चौकी पुलिस ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और बस के शीशे व दरवाजे खोलकर अंदर फंसे सभी यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और धराशायी हुए हाइट गेज को रास्ते से हटवाकर ओवरब्रिज पर यातायात सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि नो एंट्री ज़ोन में भारी वाहन कैसे दाखिल हुआ।