आगरा। शहर भर में नवमी पर कंजक यानिकी कन्या पूजन की धूम रही। नवरात्रि की नवमी पर घर-घर में मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना के साथ कन्या पूजन किया गया। सुबह से ही भक्तों के घरों में पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने छोटी-छोटी कन्याओं को माता रानी का स्वरूप मानकर उनका स्वागत किया। कन्याओं के पैर धोए गए, तिलक लगाया गया और विधि-विधान से भोजन कराया गया। इसके बाद कन्याओं को दक्षिणा और उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। यह परंपरा नारी शक्ति के सम्मान और बेटियों के प्रति श्रद्धा का संदेश देती है। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना करने वाले श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन के साथ अपने व्रत का पारण भी किया। मंदिरों से लेकर घरों तक भक्तिमय माहौल देखने को मिला और मां के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
इस दौरान स्थानीय निवासी ऊषा ने बताया कि वह लगभग पिछले 10 सालों से कन्या पूजन कर रही हैं। कन्या पूजन से उन्हें दिल को सुकून मिलता है।
वहीं उत्कर्ष पाण्डेय ने कहां की उन्हें नवरात्रि का इंतजार रहता हैं। क्योंकि कन्या पूजन से उन्हें लगता है कि उन्होंने साक्षात भगवान की सेवा की।

