कवाई। अदाणी फाउंडेशन कवाई द्वारा 15 जून 2026 को विश्व हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खरखड़ा रामलोथन में स्वच्छता एवं हाथ धुलाई के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हाथों की स्वच्छता के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान अदाणी फाउंडेशन की चल चिकित्सा इकाई की टीम द्वारा विद्यार्थियों को हाथ धोने के सही तरीके एवं इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई।
टीम के चिकित्सक ने बताया कि नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाकर दस्त, संक्रमण एवं अन्य बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भोजन करने से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद तथा अन्य आवश्यक अवसरों पर साबुन से अच्छी तरह हाथ धोने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य रानू वैष्णव एवं शारीरिक शिक्षक शधर्मराज नागर ने भी विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, साफ-सफाई की आदत अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधि दीपक मालवीय ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर विभिन्न विद्यालयों एवं समुदायों में स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वच्छता से संबंधित जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
इसी कड़ी में विश्व हाथ धुलाई दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें बीमारियों से बचाव के लिए हाथ धोने की नियमित आदत अपनाने हेतु प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्य ने जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए विद्यालय का चयन करने तथा अदाणी फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर विद्यालय को दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
संदेश: “स्वच्छ हाथ, स्वस्थ जीवन—हाथ धोने की आदत, बीमारियों से हिफाजत!”
