आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में जलभराव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। कैलाश मंदिर रोड, बैनपुर स्थित साँई ड्रीम कॉलोनी और वाटर वर्क्स के सामने जल निकासी के लिए नाला नहीं होने से गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से शिकायतों और प्रार्थना पत्रों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
स्थानीय कार्यकर्ता श्री रमेशपुरी ने 7 जनवरी 2026 को सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों के सामने यह मामला उठाया। इसके बाद 3 फरवरी को जिलाधिकारी की ओर से नगर आयुक्त को अनुस्मरण पत्र भेजा गया। 7 फरवरी को तहसील सदर आगरा में फिर पत्र दिया गया। 26 फरवरी को साँई ड्रीम कॉलोनी के निवासियों ने सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र नगर आयुक्त को ई-मेल के माध्यम से भेजा। 14 मार्च को ब्लॉक प्रमुख बिचपुरी को और 31 मार्च को जिला पंचायत अध्यक्षा डॉ. मंजू भदौरिया को भी समस्या के समाधान के लिए पत्र दिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर दूषित पानी जमा रहने से दुर्गंध और मच्छरों के कारण बीमारी का खतरा बना हुआ है। गंदगी और गड्ढों के चलते राहगीरों तथा कैलाश मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी और दुर्घटना का खतरा है।
वहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि जलभराव के कारण बिजली के खंभे और 11 हजार वोल्ट की HT लाइन के लोहे के स्तंभ भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल सिकंदरा के अध्यक्ष रवि कांत शर्मा समेत क्षेत्रवासियों और भक्तगणों ने प्रशासन से जल्द नाला निर्माण कराकर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।
