आगरा। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर लायंस क्लब ऑफ आगरा विशाल द्वारा प्राथमिक विद्यालय, पथौली में एक सार्थक एवं प्रेरणादायी सेवा गतिविधि का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब द्वारा विद्यालय के 175 से अधिक छात्र-छात्राओं को उपयोगी शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई, जिसमें स्कूल बैग, पानी की बोतल, नोटबुक, पेंसिल किट एवं मिठाई शामिल थीं। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखकर सभी सदस्यों को सेवा कार्य की सार्थकता का अनुभव हुआ। यह प्रयास बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने की दिशा में एक छोटा किंतु महत्वपूर्ण कदम रहा।
समारोह के अंतर्गत क्लब के अध्यक्ष लायन सीए राकेश अग्रवाल द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात सभी उपस्थित सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्यजनों ने पूरे सम्मान और गर्व के साथ राष्ट्रगान गाया। इसके साथ ही वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
इस अवसर पर क्लब के सचिव मनीष बंसल, कोषाध्यक्ष सोम मित्तल, पूर्व अध्यक्ष अजय बंसल, सुनील अग्रवाल, अजय मनचंदा, संजीव अग्रवाल, सुनील बंसल, सुनील गुप्ता, अर्चना अग्रवाल, सोनिया बंसल, उमा अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment