मुख्य विकास अधिकारी ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद का औचक निरीक्षण


आगरा। आगरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद का मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, चिकित्सा इकाइयों की व्यवस्थाओं तथा भवन की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आकस्मिक सेवाओं, प्रसव पश्चात वार्ड, सामान्य वार्ड, कोविड वार्ड, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थियेटर एवं एक्स-रे कक्ष सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी वार्डों एवं चिकित्सा इकाइयों में साफ-सफाई बनाए रखने, आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने तथा मरीजों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पुराने भवन में विभिन्न कमियां भी संज्ञान में आईं। भवन के प्रवेश द्वार के निकट प्रसव कक्ष स्थित होने, ऑपरेशन थियेटर के फर्श एवं दीवारों पर टाइल्स न होने, प्रथम तल पर सीपेज के कारण दीवारों के खराब होने तथा द्वितीय तल के कुछ कमरों में पीछे स्थित पेड़ों की जड़ों के भवन में प्रवेश करने की स्थिति पाई गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को ECRP-2 के अंतर्गत निर्मित कोविड वार्ड के समीप प्रसव कक्ष हेतु नवीन कक्ष के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन की अन्य कमियों एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों को विभिन्न उपलब्ध शासकीय स्रोतों से पूर्ण कराने हेतु उपजिलाधिकारी फतेहाबाद से समन्वय स्थापित कर समेकित प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पत्थर की बेंच एवं आवश्यक शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के समीप स्थित गड्ढे वाले स्थान को विकसित कर हर्बल गार्डन तैयार किए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे परिसर को अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण प्रदान किया जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों को स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अरुण श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आगरा; श्री कुलदीप भारद्वाज, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, NHM तथा डॉ. अभिषेक चौहान, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद उपस्थित रहे।

Comments