टोरेंट पावर के कर्मचारियों ने वृद्धों संग मनाया रक्षाबंधन, बाँटा प्यार

 

- अपनों से दूर रह रहे बुजुर्गो की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, बोले- आज फिर परिवार जैसा लगा

आगरा। रक्षाबंधन पर्व पर रामलाल वृद्धाश्रम में रवि वार को रिश्तों की गर्माहट और अपनत्व की भावुक तस्वीर देखने को मिली। यहां अपनों से दूर रह रहे बुजुर्गों के बीच पहुंच कर टोरंट पावर लिमिटेड के कर्मचारियों ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ रक्षा बंधन का पर्व मनाया। टोरंट पावर की महिला कर्मचारियों ने जहां बुजुर्गो को रक्षासूत्र बांधा और मिठाई खिलाई। वहीं पुरुष कर्मचारियों ने आश्रम की बुजुर्ग महिलाओं से राखी बंधवाई।‌ इस दौरान कई बुजुर्ग भावुक हो उठे उनकी आंखें नम हो गईं। 

टोरेंट पावर लिमिटेड आगरा के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए रामलाल वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ त्योहार मनाया। टोरेंट पावर के कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने वरिष्ठजनों के बीच समय बिताकर उन्हें अपनत्व का अहसास कराया और मिठाइयां बांटकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। इस मौके पर भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए गए। उल्लेखनीय है टोरेंट पावर के कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य नियमित रूप से रामलाल वृद्धाश्रम का दौरा करते हैं और बुजुर्गों को हर संभव सहायता व सहयोग प्रदान करते हैं।

टोरंट कर्मियों और उनके परिवार के सदस्य आश्रम पहुंचे और उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी दिनचर्या व अनुभवों को जाना। इस दौरान वरिष्ठजनों ने टोरेंट पावर के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को आशीर्वाद दिया और उनके इस अनूठे प्रयास व नियमित सहयोग की सराहना की।

Comments