14 अगस्त को मनाया जायेगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, होगा चित्र प्रदर्शनी का आयोजन, विस्थापित हुए परिवारों को किया जायेगा सम्मानित

- हर घर तिरंगा अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा स्वतंत्रता दिवस के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी मनीष बंसल ने शहीद स्मारक, नगर निगम प्रांगण का किया निरीक्षण, तैयारियों का जायजा लेकर, दिये महत्वपूर्ण निर्देश*

- तिरंगा फहराने के साथ ही राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का भी किया जायेगा गायन

आगरा।  जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह भव्य रूप से मनाये जाने एवं हर घर तिरंगा अभियान तथा विभाजन विभीषिका दिवस के आयोजन की तैयारियों, कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु शहीद स्मारक तथा नगर निगम प्रांगण का भौतिक निरीक्षण किया तथा संबंधित को दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण में जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को ससमय सभी तैयारियों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने एवं तिरंगे के साथ व्यक्तिगत एवं भावनात्मक सम्बन्ध बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन व चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा विभाजन का दंश झेल चुके परिवारों को सम्मानित किया जाएगा।

प्रति वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 09 से 17 अगस्त तक जनपद के सभी घरों, कार्यालयों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रमुखता से तिरंगा फहराकर, तिरंगा रैली द्वारा सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा राष्ट्र सेवा एवं सम्मान में अपने प्राणों की आहूति देने वाले महापुरूषों के प्रति आदर का भाव प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है। हर घर तिरंगा अभियान भौतिक एवं डिजिटल दोनो रूप में आयोजित किया जा रहा है। जहां भौतिक रूप से तिरंगा फहराते हुए वन्दे मातरम का गायन किया जायेगा, वहीं डिजिटल रूप में तिरंगा के साथ सेल्फी को वेबसाइट WWW.harghartiranga.com हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर अपलोड किया जा रहा है। 

जनपद में 66 स्वयं सहायता समूहों की समूह सखियों द्वारा 03 लाख झण्डा का निर्माण किया गया है, ब्लॉक, पंचायतों, वार्डों में जनमानस को निःशुल्क झण्डा वितरित किया जा रहा है। मा0 प्रधानमंत्री व मा0 मुख्यमंत्री जी की हर घर तिरंगा लगाने की अपील पर जनपदवासी स्वेच्छा से दुकानों से भी झण्डे खरीदकर अपने घर, प्रतिष्ठान पर लगा रहे हैं।

जनपद में बड़े पैमाने पर विभिन्न समूहों, संस्थानों, स्कूल/कालेजों द्वारा तिरंगा रैलियों का आयोजन किया जा रहा है। 

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अन्तर्गत चित्र प्रदर्शनी लगायी जायेगी, जिसमें विभाजन के समय विस्थापित भारत आए परिवारों को विभीषिका से जुड़े सामग्री को प्रदर्शित किया जायेगा। विभाजन की त्रासदी से पीड़ितों हेतु मौन श्रद्धांजलि, विस्थापन का दंश झेल चुके परिवारों को आमंत्रित कर उनके अनुभव से जनमानस को विभाजन विभीषिका से अवगत कराया जायेगा। विभाजन विभीषिका से संबंधित इतिहास संस्कृति और मानव त्रासदी आधारित संगोष्ठी के माध्यम से जनमानस को उस विषम परिस्थितियों व हालात से परिचित कराया जायेगा।

15 अगस्त को विभिन्न युद्धों में शहीद हुए सेनानियों व स्वतंत्रता संग्राम शहीदों के परिजनों को मा0 जन प्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया जायेगा। कार्यक्रम के अन्तर्गत तिरंगा गान, देशभक्ति के गीतों तथा वन्दे मातरम का सामूहिक गायन तथा अन्य राष्ट्रभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ स्कूल बैण्ड/पुलिस बैण्ड आदि द्वारा राष्ट्रभक्ति के गीतों की धुनों के वादन को सम्मिलित किया जायेगा।

हर घर तिरंगा अभियान के क्रम में तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण, रंगोली, तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां, तिरंगा सेल्फी आदि के माध्यम से स्वतंत्रता के मूल्यों से जनमानस को अवगत कराया जारहा है।

निरीक्षण में सीडीओ श्रीमती प्रतिभा सिंह,अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री आजाद भगत सिंह, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगरायुक्त अशोक गौतम, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Comments