10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस खिलाई जाएंगी एल्बेंडाजोल की दवा : अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए हुआ अभिमुखीकरण कार्यक्रम

 


आगरा। आगरा में 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा और 14 अगस्त को मॉपअप राउंड चलाया जाएगा। इसके सफल क्रियान्वयन हेतु सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के चिकित्सा अधीक्षक व प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, महिला एवं बाल विकास विभाग से सीडीपीओ, खंड शिक्षा अधिकारी, बीपीएम, बीसीपीएम व अन्य ने प्रतिभाग किया। 

कार्यक्रम के प्रभारी नोडल अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान एक साल से 19 साल की उम्र के बच्चे व किशोर-किशोरियों को पेट के कीड़े निकालने की दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद से एक से पांच साल तक के बच्चों को दवा दी जाएगी। जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूलों में छह से 19 साल तक के बच्चों व किशोरों को शिक्षकों की मदद से दवा खिलाएंगे। 

कार्यक्रम में एनयूएचएम व अर्बन के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि गोपाल ने बताया कि यह दवा चबाकर खानी है। टीम दवा अपने सामने खिलाएगी। किसी भी बच्चे या परिजन को दवा बाद में खाने के लिए नहीं दी जाएगी। उन्होंने प्रतिभागी चिकित्सकों से कृमि संक्रमण के लक्षण व दुष्प्रभाव पर सवाल किए। साथ ही फायदे व लाभ पर चर्चा की।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला सामुदायिक प्रक्रिया प्रबंधक डॉ. विजय सिंह ने बताया कि एक से दो साल तक के बच्चों को आधी गोली और दो से 19 साल तक बच्चों व किशोरों को पूरी गोली खिलाई जाएगी। छोटे बच्चों को गोली पीसकर दी जानी है। जबकि बड़े बच्चे गोली चबाकर खा सकेंगे। अभिमुखीकरण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एविडेंस एक्शन इंडिया संस्था अहम भूमिका निभा रही है|

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी और एविडेंस एक्शन इंडिया के जिला समन्वयक शाहिद खान मौजूद रहे।


Comments