आगरा। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध जनकपुरी महोत्सव 2026 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने भावना एस्टेट रोड का दौरा कर महोत्सव की तैयारियों एवं प्रस्तावित व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन समिति के पदाधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आयोजन को भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।
निरीक्षण के उपरांत राज्यमंत्री भावना एस्टेट क्लब हाउस स्थित जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति 2026 के केंद्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां समिति के अध्यक्ष राजू यादव के नेतृत्व में उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव भारतीय संस्कृति, मर्यादा और सनातन परंपराओं का जीवंत उत्सव है। यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का भी माध्यम है। भावना एस्टेट रोड पर सजने जा रही जनकपुरी निश्चित रूप से उत्तर भारत के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी। प्रदेश सरकार ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को सदैव प्रोत्साहन देती रही है और भविष्य में भी सहयोग जारी रहेगा।
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति 2026 के अध्यक्ष राजू यादव ने बताया कि इस वर्ष भावना एस्टेट रोड पर उत्तर भारत की सबसे प्रसिद्ध और भव्य जनकपुरी सजाई जा रही है। जनकपुरी को आकर्षक स्वरूप देने के लिए भव्य सजावट, विद्युत प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभिन्न समितियां लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को दिव्य एवं यादगार अनुभव प्राप्त हो ।
इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से अरविंद शर्मा, संजय गोयल, मनोज बंसल, संतोष कटारा, राणा सुशील सिंह, धीरज जैन, आकाश गोयल ग्वाला, नरेंद्र शर्मा, राजा सिंह चौहान, अंकुश मित्तल, नरेंद्र सेंगर, प्रभाकर शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment