आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (AOS) की आर्थोपथिक वीक को “आगरा मूव्स बेटर” जन-आंदोलन के रूप में मनाने की अपील, शहरवासियों एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़ने का आह्वान


आगरा। आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी (AOS) की हॉलिडे इन, आगरा में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शहर में “आगरा मूव्स बेटर–2026” (Agra Moves Better – 2026) के नाम से एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान प्रारम्भ किया जाए, जिसका उद्देश्य आगरा को हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, सक्रिय एवं स्वस्थ शहर के रूप में विकसित करना है।

बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि आगामी सिटी क्लब्स की बैठक में अनुरोध किया जाएगा कि संपूर्ण अगस्त माह को “आगरा मूव्स बेटर” अभियान को समर्पित किया जाए, ताकि सभी सामाजिक, शैक्षणिक, औद्योगिक एवं सेवा संस्थाएँ मिलकर पूरे माह विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सकें।

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण केवल चिकित्सकों के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। यदि विभिन्न संस्थाएँ एक साझा उद्देश्य के साथ आगे आएँ, तो आगरा जन-स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण बन सकता है।

सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने बताया कि यह अभियान इंडियन ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (IOA) एवं उत्तर प्रदेश ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (UPOA) द्वारा संचालित जन-जागरूकता कार्यक्रमों की भावना के अनुरूप होगा। अभियान के अंतर्गत हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य, ऑस्टियोपोरोसिस की रोकथाम, गठिया के प्रति जागरूकता, सही पोस्चर, गिरने से बचाव, व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आगरा पुलिस ने इस जनहित अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया है। इसी क्रम में 2 अगस्त को पुलिस लाइन, आगरा में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवार, विशेष रूप से महिला पुलिस कर्मियों के लिए निःशुल्क बोन मिनरल डेंसिटी (BMD) जांच, विटामिन-डी जांच (चयनित प्रतिभागियों हेतु), न्यूरोलॉजी परामर्श तथा ऑस्टियोपोरोसिस एवं गठिया विषयक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 4 अगस्त, राष्ट्रीय बोन एवं जॉइंट दिवस (National Bone & Joint Day) के अवसर पर एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

“आगरा मूव्स बेटर–2026” अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, उद्योगों, स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs), रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, वरिष्ठ नागरिक संगठनों, महिला संगठनों, सेवा संस्थाओं तथा अन्य सामाजिक संगठनों को साझेदार (Partner Organisation) के रूप में जोड़ने का निर्णय लिया गया है।

आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी ने शहर के सभी प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक एवं सेवा संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सभी आगरा वासियों से इस जन-आंदोलन का सक्रिय भागीदार बनने की अपील की है, ताकि सामूहिक प्रयासों से एक स्वस्थ, सक्रिय एवं जागरूक आगरा का निर्माण किया जा सके।


Comments