21 प्रभुजनों के प्रवेश के साथ अपना घर आश्रम बलकेश्वर आगरा का शुभारंभ


- संस्था का 72वाँ एवं उत्तर प्रदेश का 17वाँ अपना घर आश्रम सेवा कार्य प्रारंभ

आगरा । माँ माधुरी बृज वारिस सेवा सदन, अपना घर द्वारा आज प्रातः 11:00 बजे अपना घर आश्रम, बलकेश्वर, आगरा में 21 प्रभुजनों के प्रवेश के साथ सेवा कार्य का शुभारंभ किया गया। यह संस्था का 72वाँ अपना घर आश्रम तथा उत्तर प्रदेश का 19वाँ अपना घर आश्रम है।

इस अवसर पर संस्था की संस्थापक डॉ. माधुरी भारद्वाज, आश्रम स्थापना संयोजक श्री शैलेन्द्र त्यागी एवं संस्था के संरक्षक श्री मोहनलाल अग्रवाल के करकमलों से प्रभुजनों का तिलक, माल्यार्पण एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें सम्मानपूर्वक नए आश्रम में प्रवेश कराया गया। इस अवसर पर अपना घर आश्रम महिला शाखा आगरा की पदाधिकारी एवं गामान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रवेश प्राप्त करने वाले सभी 21 प्रभुजन अपना घर आश्रम, भरतपुर से स्थानांतरित किए गए हैं। इनमें ऐसे प्रभुजन शामिल हैं जो आगरा एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं, ताकि वे अपने गृह क्षेत्र के निकट रहकर बेहतर देखभाल एवं पुनर्वास का लाभ प्राप्त कर सकें।

उल्लेखनीय है कि आगरा में संस्था द्वारा महिला अपना घर आश्रम पूर्व से संचालित है। अब पुरुष अपना घर आश्रम प्रारंभ होने से आगरा एवं आसपास के क्षेत्रों में मिलने वाले आश्रयहीन, असहाय, बीमार एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ पुरुष प्रभुजनों को स्थानीय स्तर पर ही आश्रय, चिकित्सा एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। अब ऐसे प्रभुजनों को प्रवेश के लिए भरतपुर, मथुरा अथवा फिरोजाबाद भेजने की आवश्यकता नहीं होगी।

नव स्थापित आश्रम की 60 बिस्तरों की आवासीय क्षमता है। आश्रम में चिकित्सा, आवास, विद्युत, पेयजल, भोजन, बेड, गद्दे सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण कर दी गई हैं। साथ ही प्रभुजनों के रेस्क्यू, अस्पताल लाने-ले जाने तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए एक समर्पित एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई है।

संस्था का उद्देश्य प्रत्येक आश्रयहीन, असहाय एवं पीड़ित प्रभुजन को सम्मानपूर्वक जीवन, उपचार, भोजन, वस्त्र एवं सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना है। बलकेश्वर, आगरा में इस नए आश्रम के प्रारंभ होने से आगरा के जरूरतमंद प्रभुजनों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ उपलब्ध हो सकेंगी।


Comments