डॉ. वीरेंद्र स्वरूप मेमोरियल अंतर्विद्यालीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ



आगरा। रागेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल, सिकंदरा द्वारा संस्थान के प्रणेता एवं मार्गदर्शक स्वर्गीय डॉ. वीरेंद्र स्वरूप की 103वीं जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले 'शिक्षा दिवस' के अवसर पर 17 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली 'डॉ. वीरेंद्र स्वरूप मेमोरियल अंतर्राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप-2026' का भव्य शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात खेल व्यक्तित्व डॉ. हरी सिंह ने फीता काटकर विद्यालय के नवनिर्मित बास्केटबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने विद्यालय की प्रधानाचार्या ऋचा सिन्हा के साथ स्वर्गीय डॉ. वीरेंद्र स्वरूप के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। शांति, सद्भाव और नई शुरुआत के प्रतीक स्वरूप सफेद गुब्बारे आकाश में छोड़कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।

प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका ओपन वर्ग की विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। यह चैंपियनशिप 25 जुलाई को होने वाले फाइनल मुकाबलों के साथ संपन्न होगी।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ऋचा सिन्हा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक व्यक्तित्व निर्माण का भी सशक्त आधार हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करते हैं।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। साथ ही युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच उपलब्ध कराना और विभिन्न विद्यालयों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देना भी इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है।

Comments