आगरा से राहुल मिलन की रिपोर्ट
आगरा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशानिर्देशों पर जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष संजय कुमार मलिक के मार्गदर्शन में समाधान समारोह 2026 का आयोजन शुरू हो गया है।
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आरंभ किया गया यह समारोह 21 अप्रैल से चल रहा है, जिसकी चरम प्रक्रिया 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत के रूप में संपन्न होगी। विशेष लोक अदालत सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित की जाएगी, जिसमें वहां लंबित उपयुक्त मामलों का समाधान किया जाएगा।
इससे पूर्व, राज्य, जिला, तालुका, उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों, समितियों तथा आगरा स्थित मध्यस्थता केंद्रों में बैठकें शुरू हो चुकी हैं। समाधान समारोह का मुख्य लक्ष्य सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों का सुलह-समझौते से त्वरित निस्तारण करना है, ताकि न्याय घर-घर तक सरल और सुलभ हो सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आगरा के पूर्णकालिक सचिव पंकज कुमार ने बताया कि लोक अदालत पक्षकारों को त्वरित न्याय के साथ समय और धन की बचत का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने जनपद आगरा के वादकारियों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों का आपसी समझौते से निस्तारण कर इस विशेष लोक अदालत का अधिकतम लाभ उठाएं।
यह पहल न्याय सुलभता और सौहार्दपूर्ण विवाद निस्तारण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आमजन को शीघ्र एवं प्रभावी न्याय मिल सकेगा।

Comments
Post a Comment