ताज महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के लिए 7 और 8 को होंगे ऑडिशन


आगरा। कला संस्कृति और सभ्यता का महोत्सव एक बार फिर ताज नगरी में लगने जा रहा है जिसको लेकर ताज महोत्सव समिति और प्रशासन द्वारा जोर-शोर से तैयारी शुरू कर दी गई हैं। ताज महोत्सव के लिए स्थान तय हो चुका है, कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार हैं। 

ताज महोत्सव समिति द्वारा ताज महोत्सव में अपनी कला का जादू बिखेरने की इच्छा रखने वाले स्थानीय कलाकारों के लिए सुनहरा मौका है। कलाकारों और उद्घोषकों का चयन करने के लिए स्वर कला के ऑडिशन 7 और 8 फरवरी को होंगे। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी एवं ताज महोत्सव नमिति के सचिव शक्ति सिंह ने बताया कि शनिवार और रविवार को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक उत्तर प्रदेश पर्यटन कार्यालय, 4- ताज रोड पर ऑडिशन प्रस्तावित हैं। 

समिति ने आगरा और आसपास के क्षेत्रों के प्रतिभाशाली कलाकारो को आमंत्रित किया है। ऑडिशन में मुख्य रूप से गायन व नृत्य, गजल,मिमिक्री व उद्घोषणा ( एंकरिंग) शामिल हैं।

इच्छुक कलाकारों को सचिव, ताज महोत्सव समिति के नाम एक प्रार्थनापत्र देना होगा। इसमें कलाकार का नाम, पता, मोबाइल नंबर और अपनी प्रस्तुति की विधा का स्पष्ट उल्लेख करना अनिवार्य है। प्रतिभागी 7 और 8 फरवरी को कार्यक्रम शुरू होने से पहले अपना आवेदन मौके पर जमा कर सकते हैं। 

Comments