आगरा। नेहरू नगर क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय दशहरा डांडिया एवं राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का पहला दिन भक्तिमय और भव्यता से परिपूर्ण रहा। गुरुवार को नेहरू नगर पार्क सहित पूरा क्षेत्र दीपों की कतारों और दूधिया रोशनी की झिलमिलाहट से ऐसे दमक रहा था मानो आसमान के तारे धरती पर उतर आए हों। रंग-बिरंगी लाइटों की छटा और विशेष रूप से तैयार भव्य महल ने वातावरण को उत्सव की दिव्यता से आलोकित कर दिया।
मां भगवती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मुख्य अतिथि समाजसेवी रामशरण मित्तल और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता , सतीश इंजीनियर ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद जैसे ही ढोल-नगाड़ों और संगीत की धुन बजी, डांडिया रास का शुभारंभ हुआ। सजी-धजी पारंपरिक पोशाकों में महिलाएं और युवा देर रात तक मंडल बनाकर झूमते रहे और पूरा पार्क भक्ति और उल्लास के रंगों में रंग गया।
डांडिया रास के बाद 32 फुट ऊँचे रावण का पुतला दहन हुआ। रावण दहन का कार्यक्रम केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया ने संपन्न कराया। रावण दहन के साथ ही आतिशबाज़ी से आकाश जगमगा उठा और “जय श्रीराम” के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
संस्थापक सतीश इंजीनियर ने बताया कि यह आयोजन पिछले आठ वर्षों से निरंतर हो रहा है, किंतु इस बार जनक महल की तर्ज पर 80 फीट लंबा और 35 फीट ऊँचा भव्य राजभवन तैयार किया गया है, जो मैसूर राजभवन की झलक पेश करता है। दूधिया और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे नेहरू नगर पार्क ने इस आयोजन की शोभा को कई गुना बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को होने वाले राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में डॉ. विष्णु सक्सेना, डॉ. रूचि चतुर्वेदी, गौरी मिश्रा, हेमा शर्मा, सुदीप भोला, पवन आगरी, लटूरी सिंह लत, दिनेश रघुवंशी और अनिल बेधड़क अपनी ओजस्वी व भावपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर करेंगे।
कार्यक्रम का संयोजन महेश सिंघल ने किया और आयोजन की देखरेख क्लब अध्यक्ष नवल शर्मा के नेतृत्व में हुई। इस अवसर पर पंकज गर्ग, नवीन गर्ग, सुधीर गुप्ता,महेश गुप्ता, मनीष गर्ग, दीपक अग्रवाल, रोजबड की अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, शालिनी अग्रवाल, पूनम शर्मा, नीतू सिंघल आदि उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment