जनकपुरी आयोजन में आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भव्य और दिव्य हो आयोजन : योगेंद्र उपाध्याय



- प्रभु श्री राम के काम और जनकपुरी महोत्सव के विकास कार्यों में ना हो लापरवाही योगेंद्र उपाध्याय

- जनकपुरी महोत्सव में विकास कार्यों की प्राथमिकता के लिए कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी के साथ की बैठक

- ऐतिहासिक होगा शाहगंज का जनकपुरी महोत्सव आएंगे सीएम योगी

- विकास कार्यों की हर रोज होगी समीक्षा , जिम्मेदार विभाग भेजें रिपोर्ट: जिलाधिकारी


आगरा। उत्तर भारत की ऐतिहासिक जनकपुरी महोत्सव को और ज्यादा भव्य और दिव्य बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने भी कमर कस ली है। जनकपुरी महोत्सव क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने सर्किट हाउस में जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी के साथ सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में कैबिनेट मंत्री ने सभी अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा यह प्रभु श्री राम और माता जानकी का काम है विकास कार्यों में लेट लतीफी और ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा यह हमारा, हमारी विधानसभा क्षेत्र के निवासियों का सौभाग्य है इस बार आगरा के सबसे बड़े मैदान में जनकपुरी महोत्सव का जनक महल सज रहा है। उन्होंने कहा मैंने उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनकपुरी महोत्सव आयोजन में भाग लेने के लिए विमर्श किया है निश्चित ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस ऐतिहासिक महोत्सव में आकर इस कार्यक्रम को और ज्यादा भव्य और दिव्य बनाएंगे। कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा यह ऐसा आयोजन है जिसमें लाखों की तादाद में श्रद्धालु भगवान श्री राम बारात और जनक महल के दर्शन करने के लिए आते हैं। समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों से आपस में सामंजस्य बिठाकर समय से विकास कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा प्रभु श्री राम के काम में कोई भी ढिलाई और लापरवाही किसी भी विभाग और अधिकारी के द्वारा नहीं होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार सतत विकास के लिए संकल्पित है।

सभी विभागों से एक-एक कर जाना विकास कार्यों की जिम्मेदारी का हाल

सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने जनकपुरी आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिलाधिकारी के साथ पुलिस विभाग, यातायात पुलिस ,नगर निगम, जल निगम, जल संस्थान, आगरा विकास प्राधिकरण, टोरेंट पावर, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों से विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा सभी विभाग आपस में सामंजस्य बिठाकर विकास कार्यों को तय समय सीमा के अंतर्गत पूरा करें। 

सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र पास अध्याय के साथ, जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम अरुण मौली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरुण श्रीवास्तव, एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी, जनकपुरी आयोजन समिति के अध्यक्ष गौरव अग्रवाल,  हेमंत भोजवानी, डॉ अलौकिक उपाध्याय, संजय अग्रवाल, गौरव राजावत,अनुराग उपाध्याय, मुनेंद्र जादौन, दिलीप खंडेलवाल, सुनील करमचंदानी, सियाराम प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments