World Heritage Week : ताज सहित सभी समारकों में देशी-विदेशी पर्यटकों को सप्ताह भर मिलेगा निशुल्क प्रवेश



आगरा। बीते रविवार से शुरुआत हुई विश्व धरोहर सप्ताह दिवस के अंतर्गत देशी- विदेशी पर्यटकों को पूरे सप्ताह निशुल्क प्रवेश मिल रहा है, बताते चलें कि दुनिया भर में वर्ल्ड हेरिटेज डे 19 नवंबर से 25 नवंबर तक मनाया जाता है। वर्ल्ड हेरिटेज डे के अवसर पर देश की सभी एतिहासिक धरोहरों पर आने वाले पर्यटकों के लिए निशुल्क प्रवेश रखा जाता है। वहीं इसी के साथ पूरे सप्ताह आने वाले पार्यटकों के लिए जागरूक कार्यक्रमों के साथ धरोहरों का इतिहास को लेकर कई प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जाते है। रविवार को इस दिवस की शुरुआत होने पर ताजमहल में खासा भीड़ देखने को मिली। 

विश्वदाय सप्ताह आज से शुरू

विश्वदाय स्मारकों के प्रति जनता को संवेदनशील बनाने के लिए हर साल 19 से 25 नवंबर तक विश्वदाय सप्ताह मनाया जाता है। आगरा में भी 19 को विश्वदाय सप्ताह पर ताजमहल समेत सभी विश्वदाय स्मारकों में सैलानियों का प्रवेश निशुल्क किया गया है। रविवार को इसका शुभारंभ फतेहपुर सीकरी से किया गया।

मुख्य गुम्बद के लिए टिकट

एएसआई के सुप्रीटेंडेंट राजकुमार पटेल ने बताया कि 19 से 25 नवंबर तक विश्वदाय सप्ताह रहेगा। इस दौरान ताजमहल में प्रवेश निशुल्क है, लेकिन मुख्य गुंबद पर जाने के लिए पर्यटकों को टिकट खरीदनी होगी। इस मौके पर स्मारकों में बाल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

ये होंगे कार्यक्रम

  • 19 नवंबर- फतेहपुर सीकरी में कक्षा 7 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता।
  • 20 नवंबर- ताजमहल में कक्षा 7 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए ऑन स्पॉट कविता लेखन प्रतियोगिता।
  • 21 नवंबर- मेहताब बाग में कक्षा 7 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता।
  • 23 नवंबर- एत्मादउद्दौला में कक्षा 7 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता।
  • 24 नवंबर- सिकंदरा में कक्षा 7 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता।
  • 25 नवंबर- आगरा किला में समापन समारोह।

वीकेंड पर उमड़ी भीड़,सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

वर्ल्ड हेरिटेज डे पर ताजमहल में निशुल्क प्रवेश दिया गया। वीकेंड और निशुल्क प्रवेश के चलते पर्यटकों की भीड़ अधिक रहने की संभावनाओं के चलते एएसआई और सुरक्षा एजेंसी सीआईएसएफ ने विशेष प्रबंधन किए हैं।

अगर आप भी इस सुहाने मौसम में अपने प्यार के साथ घूमने का मन बना रहे हैं तो आज देश के किसी भी मॉन्यूमेंट में निशुल्क प्रवेश पाकर मजा उठा सकते हैं। 

Comments