खाटू श्याम जी मंदिर में सावन में बिखरी फाग की छटा

 


- होरी खेले आज कन्हैया संग राधे बरसाने में… खाटू श्याम जी मंदिर में सावन में बिखरी फाग की छटा

− जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम जी मंदिर में अधिक मास के अन्तर्गत आरंभ हुए उत्सव मनोरथ 

आगरा। कल− कल मचलती, उफनती यमुना मैया, बरसती सावन की घटा और इस पर बिखरी फाग की छटा। उमड़ती− घुमड़ती घटाओं के मध्य जब खेली गयी फूलों और इत्र की होली तो जैसे आगरा के महिला− पुरुष बन गए ब्रज के गोप− गोपी। भक्तिभाव से परिपूर्ण ये दृश्य था जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर का।  

18 जुलाई 2023 दिन मंगलवार से अधिक मास के आरंभ के अवसर पर मंदिर में उत्सव मनोरथ की शुरुआत हुई। उत्सव के प्रथम दिन होली मनोरथ मनाया गया। मुख्य जजमान इंजीनियर दीपक अग्रवाल(मकटई वाले) थे। पंडित योगेश उपाध्याय (बंटी महंत) द्वारा श्रीमद् भागवत में वर्णित पुरुषाेत्तम मास के महात्मय का संगीतमय वर्णन किया गया। महादेव झांकी नृत्य ने शिव महिमा का बखान हुआ। 


समापन पर राधा− कृष्ण जुगल जोड़ी स्वरूप ने फूलों और इत्र की होली से भक्ति को आनंदित किया। आयोजन में उपस्थित सभी स्त्री− पुरुष ब्रज के गोप− गोपियाें जैसा नृत्य करने लगे। इत्र की सुगंध से मंदिर प्रांगण अलंकृत हो रहा था। प्रसादी के साथ आयोजन के प्रथम दिन का समापन हुआ। श्याम सेवक हेमेंद्र अग्रवाल ने बताया कि 16 अगस्त तक प्रतिदिन उत्सव मनोरथ होंगे, जिनमें वर्षभर के सभी प्रमुख त्योहार मनाए जाएंगे। 19 जुलाई को नाव मनोरथ (गंगा दशहरा) मनाया जाएगा, जिसमें ठाकुर जी को नौका विहार मंदिर परिसर में ही करवाया जाएगा। इस अवसर पर आशीष अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, अनिल मित्तल, विपिन गोयल आदि उपस्थित रहे।

Comments