टोरेंट पावर के रक्तदान शिविर में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक किया 230 यूनिट रक्तदान, कर्मचारियों को मिला CPR एवं BLS का प्रशिक्षण


आगरा। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए टोरेंट पावर ने आज अपने तीन कार्यालयों में वृहद रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। इस अवसर पर कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए कुल 230 यूनिट रक्तदान किया। शिविर में कर्मचारियों का उत्साह और सेवा भावना देखते ही बन रही थी।

टोरेंट पावर द्वारा इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग देना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना था। एकत्रित रक्त को साझेदार ब्लड बैंकों को सौंपा गया, जिससे जरूरतमंद मरीजों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिल सकेगी।

इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि रक्तदान के साथ-साथ कंपनी ने अपने कर्मचारियों को जीवन रक्षक कौशल से भी सशक्त बनाने की पहल की। शिविर के दौरान 285 कर्मचारियों को CPR (Cardiopulmonary Resuscitation) एवं BLS (Basic Life Support) का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को हृदयाघात एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल प्राथमिक सहायता देने के महत्वपूर्ण तरीके सिखाए गए।

टोरेंट पावर के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी को अपने कर्मचारियों पर गर्व है, जिन्होंने इस पुनीत कार्य में पूरे उत्साह और समर्पण के साथ भागीदारी की। रक्तदान केवल रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का प्रयास भी है। कंपनी का मानना है कि सामाजिक जिम्मेदारी केवल व्यावसायिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण में भी सक्रिय योगदान देना चाहिए।

टोरेंट पावर वर्षभर स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक विकास से जुड़ी विभिन्न CSR गतिविधियों का संचालन करती रहती है। कंपनी भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाती रहेगी। साथ ही आगरा शहर को 24×7 सुरक्षित, विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।