पीएम मोदी के जन्मदिवस पर सांसद नवीन जैन ने की पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना

देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री नवीन जैन के नेतृत्व में आगरा महानगर द्वारा ताजमहल के साये में दशहरा घाट पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थल हजारों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्री नवीन जैन ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दिया’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आम जनमानस के प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि आज देश का गरीब महसूस करता है कि केंद्र सरकार ने उसकी मूलभूत जरूरतों को समझते हुए योजनाओं का लाभ उसके घर तक पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन परिवारों को कभी दो वक्त के भोजन की चिंता रहती थी, उन्हें मुफ्त अनाज का सहारा मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से ऐसे परिवारों को पक्की छत मिली, जिनके दादा-परदादा तक के पास अपना पक्का घर नहीं था और जिनके सिर पर बरसात में पानी टपकता था।

वहीं सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। गंभीर बीमारी के समय अस्पताल का बड़ा खर्च उठाना मुश्किल होता था, लेकिन पात्र परिवारों को उपचार के लिए स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया गया। इसी तरह उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की महिलाओं को रसोई के धुएं से राहत मिली है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने उस गरीब मां की पीड़ा को समझा, जो वर्षों तक चूल्हे के धुएं में खाना बनाने को मजबूर थी।

उन्होंने कहा कि जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए और उन्हें बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। बिजली से वंचित परिवारों तक विद्युत सुविधा पहुंचाने के साथ सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना जैसी पहल की गई हैं। सरकार का प्रयास लोगों को सुविधाएं देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत, उत्तम भारत और श्रेष्ठ भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रही है। ‘आशीर्वाद का दिया’ में जलाया गया प्रत्येक दीप प्रधानमंत्री जी के प्रति जनता के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद का प्रतीक है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीप प्रज्वलित करते समय सभी ने प्रधानमंत्री जी की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य और यशस्वी जीवन की कामना की। ताज के साये में जलाए गए दीप प्रधानमंत्री जी के प्रति आगरा की जनता के स्नेह और शुभकामनाओं के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम के दौरान पूरा दशहरा घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस ने एक साथ दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

इस दौरान क्षेत्रीय विधायक डॉक्टर जी एस धर्मेश ,महानगर महामंत्री महेश शर्मा,महानगर कोषाध्यक्ष अतुल गर्ग,डॉक्टर निधि शर्मा,रोहित कत्याल,पूर्व पार्षद जगदीश पचौरी , पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्मवीर लोधी, बंटी बघेल,महानगर मंत्री अनिल सारस्वत, पार्षद प्रदीप अग्रवाल , पार्षद राकेश कन्नौजिया, पार्षद फूल प्यारी, पार्षद गुड्डू राठौर, मंडल अध्यक्ष कौशल चौहान, आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments