अगर आपके घर में भी खली कमरा है, तो अब आप भी हो सकते हैं मालामाल


- उत्तर प्रदेश बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति—2025 से अधिक से अधिक लोग हों लाभान्वित : जयवीर सिंह


आगरा | उत्तर प्रदेश में जिस तेजी से पर्यटकों की संख्या बढ़ी है, उसी गति से आवासीय सुविधाओं की मांग बढ़ी है। आगरा के निकटवर्ती स्थानों में रहने वाले निवासियों के लिए एक नई संभावनाएं विकसित हो रही है। लोग अपने मकानों के अतिरिक्त कमरे पर्यटकों को उपलब्ध कराकर अच्छी इनकम प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए पर्यटन विभाग बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति—2025 लेकर आया है जिसमें पंजीकरण सरल और सुलभ है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग उत्तर प्रदेश बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति—2025 का लाभ उठाएं।

बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति

यदि आप अपने घर के कुछ हिस्से को पर्यटकों को किराए पर देना चाहते हैं तो बेड एंड ब्रेकफास्ट एवं होमस्टे नीति आपके लिए एक बेहतरीन अवसर है। इस नीति से न केवल आपको अतिरिक्त आय का स्रोत प्राप्त होगा, बल्कि सरकार द्वारा विभिन्न रियायतें, प्रशिक्षण और प्रचार-प्रसार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

नीति के अन्तर्गत पात्र इकाइयां

शहरी होमस्टे

ऐसे आवासीय भवन, जिनमें भूस्वामी स्वयं निवास करता हो एवं उसके पास अपने प्रयोग के बाद अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध हो, जिन्हें यह पर्यटकों को आवास हेतु उपलब्ध कराना चाहे। ऐसे कक्षों की संख्या अधिकतम 06 हो सकती है, अर्थात कुल 12 बेड की व्यवस्था किसी एक आवासीय इकाई में हो सकती है।

बेड एण्ड ब्रेकफास्ट (बी एण्ड बी)

ऐसे आवासीय भवन, जिनमें भूस्वामी स्वयं निवास न करता हो एवं उसके पास 01 से 06 तक कक्ष उपलब्ध हो, जिन्हें वह पर्यटकों को आवास हेतु उपलब्ध कराना चाहे। ऐसे कक्षों की संख्या अधिकतम 06 (कुल 12 बेड) हो सकती है। बी एंड बी इकाई में एक केयर टेकर रखना अनिवार्य होगा, जो इकाई के रख रखाव एवं संचालन का कार्य करेगा।

ग्रामीण होमस्टे

ग्रामीण क्षेत्र में ऐसे आवासीय भवन, जिनमें भूस्वामी स्वयं निवास करता हो एवं उसके पास अपने प्रयोग के बाद कुछ कक्ष उपलब्ध हों, जिन्हें वह पर्यटकों को आवास हेतु उपलब्ध कराना चाहे, ऐसे कक्षों की संख्या 06 (कुल 12 बेड) तक हो सकती है।

मुख्य लाभ

आपके और आपके परिवार के लिए आय का एक अतिरिक्त स्रोत सृजित होगा।

बिजली, जल कर, गृह कर और सीवर कर का भुगतान आवासीय दरों पर किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत छत पर सौर पैनल लगाने के लिए सौर ऊर्जा सब्सिडी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

पर्यटन विभाग के मान्यवर कांशीराम पर्यटन प्रबंधन संस्थान द्वारा आठ सहायक कर्मचारियों को निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आपकी इकाई का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

करना होगा ये काम 

बी एंड बी एवं होमस्टे नीति के अंतर्गत इकाइयों का पंजीकरण एक सरल और पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया है। नई और पहले से संचालित दोनों प्रकार की इकाइयाँ निर्धारित पोर्टल पर जाकर आसानी से पंजीकरण करा सकती हैं। इससे पर्यटन विभाग के रिकॉर्ड में आपकी इकाई शामिल हो जाती है और नीति के सभी लाभ आपको प्राप्त होते हैं। पंजीकरण हेतु आधिकारिक पोर्टल https://up-tourismportal.in/application/bnb/login है ।


Comments